किसानों के आंदोलन में पहले खालिस्तानी फिर आतंकी और अब जनरल डायर की एंट्री हो गई है। रविवार को रेवाड़ी से दिल्ली की ओर बढ़ रहे किसानों के एक समूह को रोकने के हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस घटना पर आम आदमी पार्टी (AAP) नेता राघव चड्डा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को जनरल डायर बता दिया।
आप नेता राघव चड्डा ने सोमवार को अपने बयान में कहा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर साहब जनरल डायर जैसे किसानों पर आंसू गैस का उपयोग करने की अनुमति दे रहे हैं। क्या देश के किसान हमारे दुश्मन हैं? क्या वे चीन या पाकिस्तान के सेना के जवान हैं? यह शर्मनाक है।
किसानों को दिल्ली की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया
दरअसल, दिल्ली की तरफ जा रहे किसानों के एक समूह पर रेवाड़ी जिले के मसानी बांध के पास रविवार की शाम को पहले पुलिस बैरीकेड तोड़ डाले और फिर शाम में वे दिल्ली की तरफ बढ़ने लगे। इस दौरान किसानों को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
पुलिस ने बताया कि वे पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-जयपुर राजमार्ग के सर्विस लेन पर डेरा डाले हुए हैं। किसानों का समूह जब मसानी बांध पर पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। बांध पर पुलिस ने बैरीकेड लगा रखे थे।