दक्षिणी दिल्ली : छावला इलाके में घर में घुसकर फाइनेंसर की गोली माकर कर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को रविवार देर शाम नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी थान सिंह ने खुलासा किया है कि उसने फाइनेंसर दिनेश से अपनी गर्लफ्रेंड को खुश रखने के लिए कर्ज लिया था।
जो धीरे-धीरे आठ लाख रुपए तक पहुंच गया था। दिनेश ने जब अपने रुपए वापस मांगे तो दोनों में विवाद हो गया। जिसके चलते उसने दिनेश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तिहाड़ भेज दिया है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंटो अल्फोंस ने बताया कि आरोपी थान सिंह और मृतक दिनेश उर्फ पिंकी छावला गांव के ही रहने वाले थे। दिनेश भी इलाके का दबंग था और फाइनेंसर का काम करता था।
थान सिंह ने अपनी गर्लफ्रेंड को खुश रखने के लिए दिनेश से करीब आठ लाख रुपए उधार लिए थे। जिसका वह हर माह ब्याज भी दे रहा था। मगर किसी कारण दिनेश और थान सिंह में उधारी के रुपयों को लेकर विवाद रहने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि दिनेश ने थान सिंह से अपने सारे रुपए वापस मांगने के लिए दबाव डाला। गत 26 अगस्त को थान सिंह ने दिनेश को फोन किया और बताया कि वह रुपए देने के लिए उसके घर आ रहा है।
थान सिंह ने दिनेश के घर जाकर उसे ब्याज के पैसे दिए। मगर दिनेश अपना मूलधन मांगने लगा। थान सिंह ने उससे कुछ और वक्त मांगा। मगर दिनेश ने वक्त देने से मना कर दिया। दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और तेश में आकर थान ने पिस्टल निकाली और उसे गोली मार दी। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। छावला पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।