नयी दिल्ली : दिल्ली सरकार ने बाहरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में एक निजी फैक्ट्री में आग लगने की घटना की जांच का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह बचाव अभियान पर ‘‘करीबी नजर’’ बनाए हुए हैं। इस हादसे में अभी तक 17 लोगों के मारे जाने की आशंका है। दिल्ली दमकल सेवा के अधिकारियों के अनुसार दो मंजिला फैक्ट्री में आग लगी। आग एक पटाखा फैक्ट्री से शुरू हुई। जिसकी ऊपरी मंजिल पर रबड़ की एक फैक्ट्री है। पुलिस ने अभी तक इस हादसे में नौ लोगों की मौत होने की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री ने आग में कई लोगों की मौत होने पर दुख जताते हुए कहा कि वह बचाव अभियानों पर ‘‘करीबी नजर’’ रखे हुए हैं। केजरीवाल ने एक ट्वीट कर कहा, ‘‘कई लोगों के मारे जाने के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। बचाव अभियान पर करीबी नजर रख रहा हूं।’’ दिल्ली के शहरी विकास मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जैन ने ट्वीट कर कहा, ‘‘बवाना में एक निजी फैक्ट्री में आग की गंभीर घटना के बारे में पता चला। कई लोगों की मौत हुई है। स्थिति पर नजर रख रहा हूं। जांच के आदेश दिए गए हैं।’’
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।