नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की उपस्थिति में सोमवार को प्रदेश कार्यालय पर संगठन पर्व सदस्यता अभियान के अंतर्गत विधायकों, पूर्व विधायकों व विधानसभा प्रत्याशियों की बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपस्थित विधायकों, पूर्व विधायकों व विधानसभा प्रत्याशियों को संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि संगठन सदस्यता अभियान के तहत सभी को अपने-अपने क्षेत्र में समाज के सभी वर्गों के विशिष्ट लोगों को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाने के लिए जनसम्पर्क करना है।
पार्टी के विस्तार और दिल्ली विधानसभा चुनावों में विजय अपने पक्ष में करने के लिए सदस्यता अभियान अमृत के समान है। आज क्षेत्र में की गई मेहनत कल का निर्माण करेगी। दिल्ली में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के साथ दिल्ली के राजनीति से वनवास को खत्म करने में सबसे बड़ी भूमिका सदस्यता अभियान की है। प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि बूथ पर काम करना और समाज के सभी वर्गों के विशिष्ट प्रभाव वाले लोगों के साथ पहली बार मतदाता बने व्यक्तियों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराने पर विशेष ध्यान देना है।
सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी के मूलमंत्र पर आधारित सदस्यता अभियान में हर वर्ग को महत्व और सम्मान देने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। दिल्ली में कमजोर बूथ को चिन्हित कर जनसम्पर्क के माध्यम से समाज के विशिष्ट वर्ग सहित सभी लोगों को भाजपा के साथ जोड़ना है।पूर्व विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि वे क्षेत्र में जन-जन से मिलकर सदस्यता अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। वहीं भाजपा नेता जितेन्द्र सिंह शंटी ने कहा कि डीडीए के मकानों को गिराने का भ्रम क्षेत्र में फैलाया जा रहा है।