नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के जल स्तर में 203.37 मीटर की बढ़ोतरी हुई है और ऐसी आशंका है कि यह अगले 36 घंटों में 204.5 मीटर के चेतावनी के निशान को छूते हुए 205.33 मीटर के खतरे के निशान को पार कर लेगा। फिलहाल यमुना चेतावनी चिन्ह से 1.13 मीटर नीचे बह रही है। इस बारे में सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से हर घंटे पानी छोड़ा जा रहा है।
रविवार को दोपहर के समय लगभग छह लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। शनिवार को भी भारी बारिश के बाद बैराज से पानी छोड़ा गया था। विभाग ने जल स्तर को लेकर एक एडवाइजरी भी जारी की है और संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
राजस्व विभाग लोगों एवं उनके मवेशियों को यमुना के निचले स्थानों से हटाने के लिए लगातार मुनादी करवा रहा है। बाढ को लेकर बनाये गये सेट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम में अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं। बता दें कि दिल्ली में लगातार बारिश हो रही है। रिज वेधशाला में रविवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में 65.8 मिमी बारिश हुई है।