दिल्ली और आसपास के शहरों में पाइप के जरिये आपूर्ति की जाने वाली रसोई गैस (पीएनजी) शुक्रवार से 2.63 रुपये प्रति इकाई महंगी हो गई है। दो सप्ताह से भी कम समय में पीएनजी के दाम दूसरी बार बढ़ाए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति करने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लि. ने कहा कि दिल्ली में पीएनजी का दाम अब 50.59 रुपये प्रति घनमीटर होगा। अभी तक यह 47.96 रुपये प्रति इकाई था।
आईजीएल ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि इस बढ़ोतरी से गैस की उत्पादन लागत में बढ़ोतरी की आंशिक भरपाई हो पाएगी।’’ इससे पहले 26 जुलाई को पीएनजी के दाम 2.1 रुपये प्रति इकाई बढ़ाए गए थे। उल्लेखनीय हे कि सरकार ने बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए महंगी आयातित एलएनजी के इस्तेमाल को जरूरी कर दिया है। इसके चलते गैस के दाम बढ़े हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गेल शहर गैस वितरकों को आपूर्ति से पहले स्थानीय स्तर पर उत्पादित और आयातित गैस के औसत के हिसाब से दरें तय करती है।
In order to partially offset the increase in input gas cost, the price of domestic PNG in Delhi is being revised to Rs.50.59/- per SCM, w.e.f, 5th August 2022.
— Indraprastha Gas Ltd (@IGLSocial) August 4, 2022
देश के अन्य शहरों में भी पीएनजी के दाम बढ़ चुके हैं। मुंबई में महानगर गैस लि. (एमजीएल) ने सीएनजी का दाम छह रुपये प्रति किलोग्राम और पीएनजी का चार रुपये प्रति इकाई बढ़ाया है। महानगर गैस लि. (एमजीएल) ने बयान में कहा, ‘‘गैस की उत्पादन लागत में बढ़ोतरी की वजह से हमें भी दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं। सीएनजी का खुदरा दाम बढ़ाकर 86 रुपये प्रति किलोग्राम और पीएनजी का 52.50 रुपये प्रति किलोग्राम किया जा रहा है।’’