दिल्ली में आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक जरनैल सिंह (48) का शुक्रवार को निधन हो गया। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जरनैल सिंह के निधन पर शोक जताया है।
सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ”दिल्ली के पूर्व विधायक जरनैल सिंह जी के असामयिक निधन से बेहद दुखी हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। समाज में उनके योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।”
वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जरनैल सिंह को एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर याद किया जिन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ी।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी के चीफ और अकाली दल के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी जरनैल सिंह के निधन पर शोक जताया है। सिरसा ने लिखा कि कोरोना वायरस ने एक और भले आदमी को हमसे छीन लिया। वाहेगुरु उनकी आत्मा को शांति दें। दुख की इस घड़ी में हम उनके परिजनों के साथ हैं।
जरनैल सिंह ने 2014 में पहली बार आम आदमी पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजौरी गार्डन सीट से शानदार जीत हासिल की थी। इसके बाद पार्टी में उनका कद बढ़ता चला गया। पार्टी ने उन्हें पहले प्रवक्ता बनाया। बाद में उन्हें पंजाब में पार्टी की तरफ से बड़ी जिम्मेदारी दी गई।