पद्मश्री से सम्मानित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और हार्ट केयर फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. केके अग्रवाल का सोमवार देर रात कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो गया। 62 वर्षीय हार्ट स्पेशलिस्ट केके अग्रवाल के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर उनके निधन की जानकारी दी गई।
ट्विटर पर जारी बयान में कहा गया, ‘‘हमें यह सूचित करते हुए अत्यधिक दुख हो रहा है कि हमारे प्रिय डॉ केके अग्रवाल का कोविड-19 से लंबी लड़ाई के बाद नयी दिल्ली में 17 मई की रात 11:30 बजे निधन हो गया। केके अग्रवाल एम्स में भर्ती थे और पिछले कुछ दिनों से उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
— Dr K K Aggarwal (@DrKKAggarwal) May 17, 2021
बयान में कहा गया कि पद्मश्री से सम्मानित डॉ केके अग्रवाल ने डॉक्टर बनने के बाद अपना जीवन लोगों के कल्याण और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने में समर्पित कर दिया। उन्हें 2005 में डॉ बीसी रॉय पुरस्कार मिला था और 2010 में पद्मश्री से नवाजा गया था। उनका जन्म पांच सितंबर 1958 को हुआ था। उन्होंने स्कूल की पढ़ई दिल्ली से और एमबीबीएस नागपुर विश्वविद्यालय से किया था।