दिल्ली के मजनू का टीला गुरुद्वारे में 28 मार्च से फंसे 210 लोगों को बुधवार को बाहर निकाला गया। दिल्ली पुलिस ने फंसे हुए सभी 210 लोगों को पास के ही नेहरू विहार स्कूल में बने आइसोलेशन सेंटर में शिफ्ट कर दिया है। इनमें से कई लोगों की तबियत भी खराब बताई जा रही है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रसार को रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन की वजह से यह लोग यहां फंस गए थे। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे में फंसे हुए 210 लोगों को पास के ही नेहरू विहार स्कूल में रखा गया है।
गौरतलब है कि दिल्ली के निजामुद्दीन के मरकज में तबलीगी जमात में शामिल हुए लोगों में 24 के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। मरकज में पिछले 36 घंटे चले ऑपरेशन में 2361 लोगों को बाहर निकाला गया है। बाहर निकले गए 617 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं बाकियों को क्वारंटाइन किया गया है।