नई दिल्ली : छठ पर्व के अवसर पर गीता कॉलोनी घाट पर सुरक्षा में सेंध को उजागर करती खबर पंजाब केसरी में प्रकाशित हुई तो पुलिस हरकत में आ गई। तुरंत एसीपी गांधी नगर स्टाफ के साथ गीता कॉलोनी छठ घाट पर पहुंचे और सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया।
जिसके बाद घाट के पास अस्थाई पुलिस बूथ बनाए जाने और तीन-चार अतिरिक्त मचान बनाए जाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा दिन में ही नहीं रात में भी पुलिस ऑफिसर गीता कॉलोनी घाट पर गश्त करेंगे। उधर, पुलिस गीता कॉलोनी घाट पर पुलिस सुरक्षा-व्यवस्था पुख्ता होने का दम भर रही हो मगर यहां अभी भी कई चूक सामने आई हैं।
जिन्हें जल्द दूर नहीं किया तो आतंकी व असामाजिक तत्व सुरक्षा में सेंध लगा सकते हैं। उधर, एसडीएम गांधी नगर राजीव कुमार ने भी गीता कॉलोनी घाट का दौरा करने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।
पुलिस बूथ पर सवाल…
सूत्रों की मानें तो जब एसीपी गांधी नगर सिद्धार्थ जैन छठ घाट पर जायजा लेने के लिए पहुंचे तो छठ समिति के लोगों ने उन्हें बताया कि यहां भीड़ पर निगरानी के लिए पहले ज्यादा मचान होते थे। मगर इस बार इनकी संख्या कम है। वहीं छठ पर्व से पूर्व ही गीता कॉलोनी पुलिस घाट के पास पहले ही अस्थाई पुलिस बूथ बना लेती थी। मगर इस बार अभी तक भी अस्थाई बूथ नहीं बनाया गया है। गीता कॉलोनी पुलिस की तरफ से इतनी लापरवाहियां बरती जा रही हैं कि आतंकी व असामाजिक तत्व इसका फायदा उठा सकते हैं।
हटाई अवैध पार्किंग व अतिक्रमण… गीता कॉलोनी छठ घाट के पास ही चल रही अवैध पार्किंग व अतिक्रमण को खबर छपने के बाद हटा दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध पार्किंग गीता कॉलोनी पुलिस की मिली भगत से ही चल रही थी। जो कि सुरक्षा में बड़ी चूक थी। यहां बताते चलें कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद से आतंकी संगठनो में बौखलाहट है।
वे लगातार राजधानी दिल्ली समेत देश में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। छठ पर्व भी आतंकियों के निशाने पर है। जिसके चलते दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है और हाई कमान ने छठ घाटों पर सुरक्षा का खासा ध्यान रखने के लिए कहा गया है।
एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर बनेगा मोर्चा… गीता कॉलोनी घाट पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहती है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए अलग-अलग जगह एंट्री और एग्जिट प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसके अलावा एंट्री व एग्जिट प्वाइंट पर मोर्चा भी बनाया जाएगा। जहां अत्याधुनिक हथियार से लैस जवान तैनात होंगे। छठ के दौरान घाट पर अतिरिक्त फोर्स को तैनात किया जाएगा।