नई दिल्ली : भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी द्वारा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनावी लाभ लेने और आम आदमी पार्टी के पश्चिमी दिल्ली के उम्मीदवार द्वारा टिकट के बदले रिश्वत देने के मामले को लेकर संयुक्त प्रेसवार्ता की। मीडिया प्रमुख अशोक गोयल भी मौजूद रहे।
केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी न केवल आदर्श चुनाव आचार संहिता का बार-बार उल्लघंन कर रही है, बल्कि हमें आशंका है कि पार्टी सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनावी लाभ भी ले सकती है। इसलिए आयोग से शिकायत की है कि वे एक्साइज और पुलिस की मदद से इसे रोकने का काम करें। हमारे प्रत्याशियों के खिलाफ अफवाह उड़ाई जा रही हैं। चुनाव आयोग को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।
हमारी मांग है कि मुस्लिम क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होनी चाहिए जिससे वोटिंग में कोई गडबड़ी न हो। विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अनैतिकता की पराकाष्ठा पार कर दी है और लगातार अफवाह फैला रही है। इस सारे मसले पर केजरीवाल चुप हैं और पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बलबीर सिंह जाखड़ के बेटे ने आरोप लगाया है कि उनके पिता ने अरविंद केजरीवाल को 6 करोड़ रुपए देकर यह सीट खरीदी है। यह बात खुद उम्मीदवार के बेटे ने कही है कि इसलिए इस बात यकीन किया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



