ग्वालियर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि जिस दल में लोकतंत्र नहीं वह देश के लोकतंत्र की रक्षा क्या करेगा, उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल की भूमि पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, अटलजी एवं राजमाता जी की है। इसको कांग्रेस ने डाकुओं का गढ़ बना दिया था। ग्वालियर व्यापार मेला मैदान में स्थित संस्कृति गार्डन में आयोजित भाजपा के युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
उन्होंने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि राहुल ने इटालियन चश्मा लगा रखा है। उन्हें देश के जवानों और विधवाओं की चिंता नहीं है। उन्होंने इस दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मिस्टर बंटाधार के शासन काल में प्रदेश का बजट 20 हजार करोड़ रुपए था, भाजपा शासन में यह दो लाख करोड़ हो गया है। यही कारण है कि मध्यप्रदेश विकसित राज्यों में आज छठवें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज सबसे अच्छी सड़कें हैं।
विकस के ऐसे काम अन्य कोई पार्टी जो व्यक्ति आधारित है वह कभी नहीं कर सकती। इस दौरान मंच पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदेश विनय सहस्त्रबुध्दे, सांसद प्रभात झा, प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा, नगरीय विकास मंत्री माया सिंह, उच्च शिक्षामंत्री जयभान सिंह पवैया, नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह एवं भाजपायुवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डेय सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी मंचासीन थे।