राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह मौसम अच्छा रहा और इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने की संभावना है।
इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। इस वजह से गर्मी से अभी आंशिक राहत है लेकिन अगले कुछ दिनों में गर्मी बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह में 16 अप्रैल को दिल्ली के कुछ इलाके में हल्की बारिश भी हो सकती है। 12 से 16 अप्रैल तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।
रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 183 दर्ज किया गया। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।


Download Android App
Download iOS App



