राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ मामले अधिक होने से सक्रिय मामले अब 4,400 के करीब पहुंच गए हैं। राहत की एक और बात यह है कि राजधानी में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 97.59 फीसदी पहुंच गयी है। दिल्ली में बुधवार को सक्रिय मामले 81 और घटकर अब 4,481 रह गये। राजधानी में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि होने से सक्रिय मामलों में कमी दर्ज की गयी है।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज जारी बुलेटिन के अनुसार इस अवधि में 654 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 6,28,352 तक पहुंच गयी है जबकि 719 और मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 6,13,246 हो गयी। राजधानी में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 97.59 फीसदी पहुंच गयी है। इस दौरान 16 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ 10,625 पर पहुंच गया है। राजधानी में मृत्यु दर महज 1.69 फीसदी रह गयी है। मृतकों के मामले में पूरे देश में दिल्ली चौथे स्थान पर है। राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान 74,650 नमूनों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही अब तक हुई जांच संख्या बढ़कर 90.8 लाख के पार पहुंच गयी है। प्रत्येक दस लाख आबादी पर जांच का औसत 4,77,959 है।