दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ शुरू हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव (Waterlogging) की समस्या उत्पन्न हो गई।
निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव से यातायात की आवाजाही बाधित हो सकती है। दिल्ली के मिंटो रोड इलाके में अंडरपास में पानी भर गया है। इस दौरान वह से गुजर रही बस पानी में फंस गई। हालांकि इस दौरान बस में कोई यात्री सवार नहीं था। कीर्ति नगर में सड़के पानी से लबालब नजर आई।

सफदरजंग वेधशाला ने सुबह साढ़े पांच बजे तक 4.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। पालम मौसम केंद्र ने 3.8 मिमी बारिश दर्ज की। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हुई।’’
इससे पहले मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया था। उसने कहा था, ‘‘पूरा मानसून 19-20 जुलाई के दौरान उत्तर की ओर यानी हिमालय की तलहटी के करीब जा सकता है।’’ दिल्ली में मानसून के समय से पहले पहुंचने के बावजूद बहुत हल्की बारिश हुई।

आईएमडी के अनुसार सफदरजंग वेधशाला ने जुलाई में अभी तक 47.9 मिमी बारिश दर्ज की जो 109.4 मिमी सामान्य बारिश से 56 फीसदी कम है। पालम और लोधी रोड मौसम केंद्रों ने जुलाई में 38 और 49 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की।


Download Android App
Download iOS App



