राष्ट्रीय राजधानी के मौसम ने आज फिर करवट ली है। दोपहर को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में झमाझम बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज हुई। इसके साथ ही लोगों तपती गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विज्ञान विभाग ने आज दिल्ली के बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए मध्यम से भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद जताई थी।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में आज यानी बुधवार समेत लगातार 4 दिन हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने दिल्ली में बुधवार को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान के 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई थी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो-तीन दिन में मानसून की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान लगाया है। राष्ट्रीय राजधानी में जून के अपेक्षाकृत शुष्क रहने के बाद, जुलाई में अभी तक 165.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि जुलाई में सामान्य तौर पर 126.9 मिमी बारिश होती है।
आईएमडी मौसम की चेतावनियों के लिए चार रंग के अलर्ट जारी करता है। ये अलर्ट क्रमश: ‘ग्रीन अलर्ट’ (कोई कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), ‘येलो अलर्ट’ (स्थिति पर नजर रखें), ‘ऑरेंज अलर्ट’ (स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें) और ‘रेड अलर्ट’ (स्थिति से निपटने लिए कदम उठाएं) हैं।