भाजपा को दिल्लीवासियों की कितनी चिंता है, बजट से चलेगा पता : CM केजरीवाल

Summary :

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय बजट के माध्यम से पता चलेगा कि भारतीय जनता पार्टी को दिल्लीवासियों की कितनी चिंता है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय बजट के माध्यम से पता चलेगा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दिल्लीवासियों की कितनी चिंता है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के मद्देनजर शहर को बजट के माध्यम से अधिक मिलना चाहिए। 
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, “दिल्ली के लोगों को पूरी उम्मीद है कि केंद्र सरकार बजट में दिल्ली के हितों की रक्षा करेगी। चुनाव के मद्देनजर दिल्ली को और भी ज्यादा मिलना चाहिए। बजट बताएगा कि भाजपा को हम दिल्लीवालों की कितनी परवाह है।” 
चुनाव आयोग ने 6 जनवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख 8 फरवरी की घोषणा करते हुए जोर देकर कहा था कि केंद्र राष्ट्रीय बजट में किसी भी ‘राज्य-विशिष्ट योजनाओं’ की घोषणा नहीं करेगा। 
हालांकि, केजरीवाल ने मांग की थी कि केंद्र को बजट में शहर के लिए बहुत सी चीजों की घोषणा करनी चाहिए। दिल्ली सरकार एमसीडी के लिए केंद्र से अधिक धन की मांग कर रही है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को संसद में बजट पेश किया। 

बजट में वेतनभोगी तबके को कर में छूट मिले, ग्रामीण भारत में निवेश किया जाए: कांग्रेस

Desk Team