राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की सुबह उमस भरी रही, हालांकि मौसम विभाग ने शाम को हल्की बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम में औसत से तीन डिग्री कम है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में सापेक्ष आर्द्रता 71 प्रतिशत थी।
मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
कुछ जगहों पर प्री मानसून बौछारें गिरने से लोगों को तपिश से राहत तो मिल गई लेकिन मानसून के लिए अभी दिल्ली वासियों को थोड़ा और इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के मुताबिक अभी दिल्ली, राजस्थान, पंजाब के कुछ हिस्से और हरियाणा में मानसून के आगे बढ़ने जैसी स्थितियां नहीं बन रही हैं। इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।