मध्य दिल्ली के दरियागंज इलाके में रविवार को एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को मास्क नहीं पहनने पर पुलिस ने रोका तो उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से बदतमीजी की, जिसके बाद व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में पति-पत्नी को पुलिसकर्मियों से साथ बदतमीजी करते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस ने मध्य दिल्ली के पटेल नगर निवासी पंकज और उसकी पत्नी आभा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दिल्ली में बीते कुछ दिन से संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना शाम करीब साढ़े चार बजे की है। कार में जा रहे एक दंपति को मास्क नहीं पहनने पर जब पुलिसकर्मियों ने रोका और मास्क नहीं पहनने का कारण पूछा तो महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी करने लगी और कहा कि वे जुर्माना नहीं देंगे।
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस से झगड़ा रहे इन लोगों को दरियागंज थाने ले जाकर पुरुष को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पंकज नाम के शख्स को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया था जबकि उसकी पत्नी आभा को अगले दिन सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला अपने पति के साथ बिना मास्क और बिना कर्फ्यू पास के घूम रही थी। पुलिस वाले रोकते हैं तो वह बहुत ही अभद्र बरताव करती है।
वहीं वीडियो में सुना जा सकता है कि महिला कह रही है- तुमने मेरी कार रोकी कैसे? जो कोरोना के नाम पर तुम लोगों ने ड्रामा फैलाया है वो नहीं चलेगा, मैं चालान भी नहीं भरूंगी और यहीं सबके सामने पति को किस भी करूंगी। जो कर सकते हो कर लो। राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों ने सरकार को भी बेचैन कर दिया है। बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज रात 10 बजे से 26 अप्रैल को सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन लगा दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में महामारी की चौथी लहर ने स्वास्थ्य सेवाओं को कमजोर कर दिया है।
रविवार को दिल्ली ने कोरोना के 25,462 नये मामले सामने आये और पॉजिटिविटी दर लगभग 30 प्रतिशत हो गई है। जिसका मतलब है कि शहर में किये जा रहे हर तीसरे टेस्ट में एक टेस्ट पॉजिटिव है। दिल्ली सरकार ने इससे पहले रात 10 बजे से सुबह 5 बजे का कर्फ्यू लगा दिया था, जो अभी भी चालू है। शुक्रवार को राज्य सरकार ने वीकेंड कर्फ्यू लगाया था, लेकिन दिल्ली में कोविड-19 मामलों में वृद्धि जारी रही। दिल्ली में सोमवार को लगभग 23,500 नए मामले सामने आए हैं।


Download Android App
Download iOS App



