दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान कुछ मंचों पर हनुमान चालीसा का पाठ करते नजर आए। हनुमान चालीसा के पाठ को लेकर सोशल मीडिया पर कहा जाने लगा कि चुनाव में अब ‘हनुमानजी’ भी मुद्दा बन गए हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने केजरीवाल पर निशाना साधा है।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, “दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी संकट में है, इसलिए अरविंद केजरीवाल को अब संकट मोचन याद आ रहा है।” बता दें कि ‘संकट मोचन हनुमानाष्टक’ एक पाठ है, माना जाता है कि इसके पाठ से हर तरह के संकट से मुक्ति मिल जाती है।

लोकसभा में प्रधानमंत्री बोले – किसानों के सशक्तिकरण के लिये सरकार प्रतिबद्ध
प्रकाश जावड़ेकर ने आगे कबीर दास का एक दोहे को भी ट्वीट किया, “दु:ख में सुमिरन सब करें, सुख में करै न कोय। जो सुख में सुमिरन करे दु:ख काहे को होय।।” इस दोहे का अर्थ है कि ‘दु:ख के समय सभी भगवान को याद करते हैं पर सुख में कोई नहीं करता। यदि सुख में भी भगवान को याद किया जाए तो दु:ख हो ही क्यों।’ दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज शाम पांच बजे प्रचार खत्म हो जाएगा। आठ फरवरी को सभी 70 सीटों पर मतदान होगा और नतीजे 11 फरवरी को घोषित होंगे।


Download Android App
Download iOS App



