दिल्ली के द्वारका इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। द्वारका स्थित अमराई गांव में कुछ लोगों ने एक दंपती पर अंधाधुंध गोलियां चलाई जिसमें पति की मौत हो गई जबकि पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। द्वारका जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे द्वारका के सेक्टर 23 के थाने को अमराई गांव में गोली चलने की सूचना मिली।
मौके पर जांच अधिकारी के पहुंचने पर पता चला कि 6-7 लोगों ने आकर इस दंपति को गोली मारी। इस दौरान लड़के को चार गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि लड़की को पांच गोलियां लगीं और उसे गंभीर हालत में वेंकटेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की पहचान विनय दहिया (23) और लड़की की पहचान किरण दहिया (19) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विनय और किरण दोनों सोनीपत हरियाणा के रहने वाले थे। दोनों एक ही गांव के थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। दोनों के परिजन इस संबंध से नाराज थे और दोनों को अलग करना चाहते थे। लेकिन पिछले साल अगस्त में दोनों से गांव से भाग कर शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों दिल्ली के अमराई गांव के किराए के मकान में रह रहे थे।
दोनों के परिजन नाराज थे ऐसे में दोनों ने अपने परिजनों ने सम्पर्क नहीं रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि किरण के परिजनों को उनके अमराई गांव में होने का पता चल गया था। जिसके बाद से वह लगातार दोनो को परेशान कर रहे थे। ऐसे मे पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले भी वहीं आए होंगे। इतना ही नहीं किरण के परिजन फरार बताए जा रहे हैं।