दिल्ली में शनिवार को 1,142 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 1.29 लाख से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में 29 रोगियों की मौत भी हुई है। विभाग ने कहा कि दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या 1,29,531 हो गई है।
इससे पहले 20 जून को एक दिन में सामने आए संक्रमण के मामलों की संख्या गिरकर 954 रह गई थी। अगले दिन 1,349 नए मामले सामने आए थे। मंगलवार से प्रतिदिन एक हजार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली में अब भी 12,657 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जबकि शुक्रवार को इलाजरत मरीजों की संख्या 13,681 थी। 23 जून को दिल्ली में संक्रमण के, एक दिन में सबसे अधिक 3,947 मामले सामने आए थे। वही देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 48 हजार 916 केस दर्ज हुए हैं। ये मरीजों की संख्या में दूसरी सबसे बढ़ोतरी है।
एक दिन पहले ही देश में 49 हजार से ज्यादा मरीज सामने आए थे। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 757 लोगों की जान भी गई है। इसी के साथ भारत में संक्रमितों की संख्या 13 लाख 36 हजार 861 पर पहुंच गई। साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 31 हजार 358 हो गई है। देश में कोरोना के 4 लाख 56 हजार 71 एक्टिव केस हैं।