देश में कोरोना महामारी की विकरालता लगातार बरकरार है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कोरोना का कहर तेज हो चुका है और हर दिन संक्रमितों की संख्या में उछाल दर्ज की जा रही है। इस बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि बीते कुछ दिन से राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण की दर में कमी देखी गई है और अगले सप्ताह तक इसके अच्छे नतीजे सामने आएंगे।
दिल्ली में कल पॉजिटिविटी रेट 6.76% रहा, पिछले 2-3 दिन से लगातार पॉजिटिविटी रेट 7% या उससे नीचे रहा है। पिछले हफ्ते ये 8% से ऊपर था। पहली बार अब तक का कुल पॉजिटिविटी रेट 10 प्रतिशत(9.83%) से नीचे आ गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस संक्रमण की दर में गिरावट देखने को मिली है, अगले हफ्ते तक कुछ अच्छे परिणाम सामने आ सकते हैं।
कम्युनिटी स्प्रैड को लेकर सत्येंद्र जैन ने कहा कि अब कम्युनिटी स्प्रैड एक टेक्निकल टर्म रह गया है। उन्होंने कहा कि जब देश और दिल्ली में संक्रमितों की संख्या में रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े आ रहे थे तभी कम्युनिटी स्प्रैड मान लेना चाहिए था, लेकिन इसमें हम कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार या आईसीएमआर ही कुछ बता पाएगी।
बता दें कि दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 4,127 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,38,828 तक पहुंच गई है।पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 30 मरीजों की मौत के बाद इस घातक वायरस के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 4,907 तक पहुंच गई। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक, अब तक सामने आए कुल मामलों में से 2,01,671 मरीज संक्रमणमुक्त हो चुके हैं जबकि 32,250 मरीज उपचाराधीन हैं।


Download Android App
Download iOS App



