नई दिल्ली : पीएम नरेन्द्र मोदी राजनीति से ऊपर उठकर जन कल्याण के मुद्दों को मन की बात में उठाते हैं जिससे सभी वर्ग, जाति, संप्रदाय, धर्म को फायदा मिलता है। यह बात दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार को आरके पुरम स्थित तमिल संगम सभागार में मन की बात सुनने के बाद कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही।
तिवारी ने कहा कि पीएम मोदी के अलावा आज तक किसी पीएम ने समाज कल्याण की इतनी चिंता नहीं की। मन की बात कार्यक्रम नए भारत के निर्माण में सहायक है। इस अवसर पर सदस्यता अभियान प्रमुख व दिल्ली प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, मीडिया सह-प्रभारी नीलकांत बख्शी आदि भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे।
बता दें कि प्रदेश भाजपा की ओर से रविवार को मन की बात कार्यक्रम को सुनने के लिए सभी 280 मंडलों में विशेष प्रबंध किए गए। इसमें मनोज तिवारी सहित कैबिनेट मंत्री, सभी सांसद, विधायक, सभी पार्षद, सभी प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के अलावा स्थानीय लोगों ने मन की बात कार्यक्रम को सुना।
पीएम भविष्य के संकटों से निपटने की तैयारी पहले ही शुरू कर देते हैं : हर्षवर्धन
मॉडल टाउन विस के आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल, डेरावाल नगर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मन की बात सुनी और कार्यक्रम के बाद उन्होंने कई लोगों को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलवाई। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि पीएम समाज के उत्थान और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाले हैं।
पीएम ऐसे दूर दृष्टि वाले व्यक्ति हैं जिन्हें संकटों का आभाष पहले ही हो जाता है इसलिये वह भविष्य के संकटों से निपटने की तैयारी पहले ही शुरू कर देते हैं।
मन की बात सुनने के लिए दिल्ली के लोगों में बेहद उत्साह है: गुप्ता
दिल्ली विस में नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी विस में मन की बात भाजपा और स्थानीय लोगों के साथ सुनी। इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम की मन की बात सुनने के लिए दिल्ली के लोगों में बेहद उत्साह है। पीएम की मन की बात से देश के कोने-कोने से आदमी जुड़ता है क्योंकि उसमें आम लोगों की देश के नव निर्माण की और राष्ट्रवाद की बातें होती हैं।