नई दिल्ली : भाजपा दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी के आवास पर मंगलवार दोपहर को आयोजित खिड़ची के भोजन पर लक्ष्य 2020 की तैयारियों व रणनीति को लेकर सभी जिलाध्यक्षों, पार्टी में शामिल हुए विधायकों, पूर्व विधायकों व पदाधिकारियों की एक बैठक की गई। इस दौरान विधानसभा चुनावों में जीत सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।
इस मौके पर मनोज तिवारी ने कहा कि देश में मोदी, दिल्ली में भाजपा तभी बनेगी बात और दिल्ली चले मोदी के साथ हमें इस नारे को दिल्ली के घर-घर तक ले जाकर लोगों के बीच जाना है और दिल्ली में नाकामपंथियों की पोल खोलनी है। दिल्ली को मूलभूत सुविधाओं से वंचित कर, धर्म और जाति विशेष समुदाय को लेकर तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली आप की सरकार को दिल्ली की सत्ता से उखाड़ फेकने के लक्ष्य के साथ हम सभी को मिलकर काम करना है।
चुनाव 2020 हम सभी लोगों के लिए कठिन परीक्षा के रूप में होंगे जिसके लिए हमें तैयार रहना है। इस बैठक में गांधी नगर के विधायक अनिल वाजपेयी, बिजवासन के विधायक कर्नल देवेन्द्र सहरावत, पूर्व विधायक भीष्म शर्मा सहित सभी जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।