हवा की रफ्तार बढ़ने से रविवार को दिल्ली में वायु की गुणवत्ता में कुछ सुधार हुआ और अगले तीन दिनों तक इसके ‘मध्यम’ श्रेणी में बने रहने की संभावना है। वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान एवं अध्ययन प्रणाली (सफर) ने बताया कि पंजाब और सीमावर्ती क्षेत्रों में पराली जलाए जाने के छिटपुट मामले आए हैं लेकिन हवा की गति के कारणफिलहाल इसका उतना प्रभाव नहीं पड़ा है।
दिल्ली में रविवार को पिछले 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 117 रहा जो मध्यम श्रेणी में आता है। वहीं शनिवार को यह 165 था। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच एक्यूआई को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बेहद खराब’ तथा 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर माना जाता है।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता मापने वाली एजेंसी ‘सफर’ ने कहा कि हवा की रफ्तार और राजस्थान में वर्षा के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक में कुछ सुधार हुआ है। आगामी दिनों में मॉनसून की वापसी और हवा की गति कम होने से वायु गुणवत्ता खराब होने की आशंका है।


Download Android App
Download iOS App



