नई दिल्ली : भाजपा दिल्ली अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार को व्यापक जनसंपर्क एवं जन जागरण अभियान के अंतर्गत झिलमिल कॉलोनी स्थित विवेक विहार पुलिस स्टेशन पर स्वर्ण पदक विजेता मोहित शर्मा से मिले। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 एवं 35ए की समाप्ति से आम जनता को होने वाले लाभ को जन जागरण के माध्यम से जनता के बीच ले जाना है।
इस अवसर पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम की महापौर अंजू, उप महापौर संजय गोयल, प्रदेश पूर्वाचल मोर्चा के अध्यक्ष मनीष सिंह, जिलाध्यक्ष अमरेन्द्र शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे। विश्व चैंपियन मोहित शर्मा ने अपने सम्मान के लिए मनोज तिवारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जानकारी को जन जन तक पहुंचाने में अगर मैं मददगार बना तो यह मेरे लिए सौभाग्य की बात होगी।
मोहित शर्मा से मिलने के बाद मनोज तिवारी ने कहा कि कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 व 35ए के कश्मीर से समाप्त होने के साथ ही दुनिया को यह संदेश गया है कि वर्तमान का भारत नया भारत है जो देशहित के लिए कड़े व सख्त निर्णय भी लेता है और दुश्मन को उसी की भाषा में जवाब देना भी जानता है।
वसुधैव कुटुम्बकम् की राह पर चलने वाला भारत अब पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। हमारे पास विश्व का प्रतिनिधित्व करने वाला नेतृत्व है और इस बात का लाभ उठाते हुए हमें भी देश निर्माण में अपनी अपनी भागीदारी देनी चाहिए। भारत विश्व का सिरमौर बने यह भारतीय चाहता है।
इसलिए हर भारतीय अपना अपार जनसमर्थन व प्यार मोदी सरकार को दे रहा है। व्यापक जनसम्पर्क एवं जन जागरण के माध्यम से हम उन लोगों से मुलाकात कर रहे है जिन्हें लोग अपना आदर्श मानते हैं और जिन्होंने देश का सम्मान बढ़ाया है।