पूर्वी दिल्ली : शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के जीटीबी एंक्लेव इलाके में दिनदहाड़े एक 12 वर्षीय मासूम से पार्क में रेप होने की चौंका देने वाली घटना सामने आई है। मासूम पार्क में खेलने गई थी। घर पर न मिलने के कारण मासूम की मां उसे ढूंढने निकली तो बच्ची उसे रास्ते में मिली। खून में सने कपड़ों से मां को वारदात का पता चला। पार्क में एक अज्ञात दरिंदे लड़के ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मासूम की मां के बयान पर अज्ञात के खिलाफ रेप, पॉक्सो समेत विभिन्न संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं मासूम का जीटीबी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, मासूम परिवार सहित ताहिरपुर इलाके में रहती है। परिवार में माता-पिता व अन्य परिजन हैं। मां घरों में सहायिका का काम करती है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मासूम की मां घर लौटी तो उन्हें बेटे से पता चला कि बेटी घर पर नहीं है। इतना सुनते ही मां अपनी बेटी को ढूंढने के लिए निकल पड़ी। कुछ दूर जाने पर उन्हें बेटी सामने से आती हुई नजर आई। वह ठीक से चल भी नहीं पा रही थी। वह उसे लेकर तुरंत घर पहुंची।
वहां उन्होंने पाया कि बेटी के कपड़ों पर खून लगा हुआ है। बेटी के कपड़ों पर खून देखकर मां के आंसू भी छलक पड़े, वह जोर-जोर से रोने लगी। मकान मालिक ने दिलासा देते हुए महिला से कहा कि तुम परेशान मत हो, पुलिस को बुलाते हैं। इसके बाद किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मासूम को उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल पहुंचाया। साथ ही उसका मेडिकल कराने के बाद मां के बयान पर केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस से बोली मासूम, इसी पार्क में हुआ गंदा काम
पूर्वी दिल्ली : पार्क में हैवानियत का शिकार हुई मासूम जब ठीक से चलने की स्थिति में भी नहीं थी तब उसने पुलिस को ये बताया कि इसी पार्क में उसके साथ गंदा काम हुआ है। दरअसल मौके पर पहुंची पुलिस जब पीड़िता और उसकी मां को जीटीबी अस्पताल लेकर जा रही थी, उस दौरान रास्ते में ताहिरपुर रेड लाइट के पास सफेदा पार्क पड़ा। पार्क को देखते ही मासूम ने पुलिस से कहा कि ‘इसी पार्क मे उसके साथ किसी लड़के ने गंदा काम किया है’। हालांकि वारदात को अंजाम देने वाले इस लड़के को मासूम पहचानती नहीं है। यही कारण है कि आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।
चेहरे पर रुमाल बांधकर की दरिंदगी… मासूम के साथ दरिंदगी करने वाला आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले बच्ची के चेहरे पर रूमाल बांध दिया था। इसके बाद मासूम को निर्वस्त्र कर उसके साथ दरिंदगी की और उसके उसी हालत में वहां छोड़कर फरार हो गया। आशंका जताई गई है कि आरोपी पास ही स्थित कुम्हारों की बस्ती का हो सकता है।
अक्सर उसी पार्क में खेलने जाती थी मासूम… बच्ची की मां ने पुलिस को बताया है कि उसकी बेटी अक्सर इसी पार्क में खेलने जाती है। कुछ देर खेलने के बाद वापस घर लौट आती थी, लेकिन गुरुवार को ऐसा नहीं हुआ। मां के आने तक वह घर नहीं लौटी थी। इसी कारण वह डर गई थी। बेटी के मिलने पर उनका वो डर सही साबित हुआ।
– कुणाल कश्यप