जदयू-लोजपा गठबंधन से मिलेगी मजबूती : तिवारी

Summary :

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा, जदयू और लोजपा के साथ मिलकर प्रत्याशी मैदान में उतारे जाने को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया।

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा, जदयू और लोजपा के साथ मिलकर प्रत्याशी मैदान में उतारे जाने को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। भाजपा ने गत शुक्रवार को 57 प्रत्याशी मैदान में उतारे थे, वहीं सोमवार की देर रात 10 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई। 
इसके अलावा दो सीटों पर जदयू और एक सीट पर लोजपा के साथ भाजपा ने करार किया है। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि आज बड़े हर्ष का विषय यह है कि दिल्ली में पहली बार जदयू, लोजपा एवं भाजपा गठबंधन के प्रत्याशियों की घोषणा दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए प्रदेश कार्यालय से की जा रही है। 
यह विधानसभा चुनाव भाजपा, जदयू और लोजपा तीनों पार्टियां मिलकर दिल्ली में लड़ने जा रही हैं। दिल्ली की 67 सीटों पर उतरे भाजपा उम्मीदवारों को जदयू और लोजपा का पूर्ण समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के पक्ष में समर्थन जुटाने व लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए गठबंधन वाली दोनों पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। 

Desk Team