दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत पार्टी के सभी प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है। लेकिन इस सूची से जदयू नेता प्रशांत किशोर और पवन वर्मा गायब हैं।
पार्टी द्वारा जारी की गई सूची में पार्टी के 20 नेताओं का नाम शामिल किया गया है लेकिन पार्टी उपाध्यक्ष और नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का नाम सूची से गायब है। ध्यान रहे कि हाल ही में संपन्न हुए झारखण्ड विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में प्रशांत किशोर का नाम शामिल था।
कयास लग रहे हैं कि क्या नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर अपने रुख के चलते प्रशांत किशोर का नाम कट गया है। प्रशांत किशोर सीएए और एनआरसी को लेकर मोदी सरकार की लगातार आलोचना करते आ रहे हैं और हाल ही में उन्होंने नीतीश कुमार को एक खुला पत्र लिखकर इसे बिहार में लागू नहीं करने की अपील की थी। सूची में जेडीयू नेता पवन वर्मा का भी नाम नहीं है।
गौरतलब है कि पवन वर्मा ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के उस बयान की खुलेआम आलोचना की थी जिसमें मई से सितम्बर के दौरान बिहार में राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) लागू करने का ऐलान किया गया था। दिल्ली विधानसभा में जद-यू का भाजपा के साथ चुनावी गठबंधन है। जद-यू दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उधर प्रशांत किशोर की संस्था दिल्ली चुनाव में केजरीवाल के लिये काम कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



