जेएनयू हमला: दो और संदिग्धों से पूछताछ करेगी दिल्ली पुलिस

Summary :

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा जेएनयू हमला मामले में दो और संदिग्धों से पूछताछ करेगी। पांच जनवरी को जेएनयू परिसर में नकाबपोशों की भीड़ के हमले में कम से कम 35 लोग घायल हुए थे।

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा जेएनयू हमला मामले में दो और संदिग्धों से पूछताछ करेगी। पांच जनवरी को जेएनयू परिसर में नकाबपोशों की भीड़ के हमले में कम से कम 35 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने बताया कि दोलन सामंत और चुनचुन कुमार को पूछताछ के लिए बुधवार को बुलाया गया है। 
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला का एक दल सर्वर रूम से डेटा लेने के लिए परिसर में आएगा। उन्होंने बताया कि अक्षत अवस्थी, रोहित शाह और कोमल शर्मा फरार चल रहे हैं, उनका पता लगाने के प्रयास जारी हैं। जेएनयूएसयू अध्यक्ष आइशी घोष, सुचेता तालुकदार, प्रिया रंजन, दोलन सामंत, व्हास्कर विजय मेक, चुनचुन कुमार (पूर्व छात्र) और पंकज मिश्रा के नाम संदिग्धों में शामिल हैं। 
हमले के सिलसिले में पुलिस ने अब तक घोष, तालुकदार, रंजन, मिश्रा और मेक से पूछताछ की है। अवस्थी और शाह दोनों जेएनयू में प्रथम वर्ष के छात्र हैं और वह एक समाचार चैनल द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन में नजर आए थे। 
पुलिस ने नकाबपोश महिला के रूप में दौलतराम कॉलेज की छात्रा कोमल शर्मा की पहचान की है। वह सोशल मीडिया पर वायरल हुए हमले के वीडियो में दिखी थी। शनिवार रात से कोमल का फोन बंद आ रहा है। अवस्थी और शाह ने कहा कि वह पुलिस जांच में शामिल होंगे लेकिन उनका फोन भी बंद आ रहा है। 

Desk Team