नई दिल्ली : धोखेबाजों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वह राष्ट्रपति भवन में भी जाकर फर्जीवाड़ा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला राष्ट्रपति भवन में सामने आ रहा है, जहां फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी हासिल करने की बात का खुलासा हुआ है। मामले की सूचना पुलिस को मिलने के बाद साउथ एवेन्यू थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति भवन के सचिवालय में फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी लेने की बात सामने आई है, जो करीबन एक साल से काम कर रहे थे। पुलिस को मामले की सूचना राष्ट्रपति सचिवालय के अंडर सेक्रेटरी रुबीना चौहान ने दी है। जिला पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत में सभी छह आरोपियों ने बीते वर्ष फरवरी 2017 में माली के पद पर राष्ट्रपति भवन में काम शुरू किया था।
उनके द्वारा जमा किए गए प्रमाणपत्रों की जब सोमवार को प्रशासन ने जांच की तो उनके द्वारा जमा सभी प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। इसके बाद मंगलवार को पूरे मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। छह आरोपियों की पहचान अमित कुमार, दीपक कुशवाहा, दिलिप कुमार मीणा, पुष्पेंद्र कुमार मीणा, जितेंद्र मीणा और सुरेंद्र कुमार मीणा के रूप में की गई है, जो राजस्थान के रहने वाले हैं।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



