दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले शाहीन बाग फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है दिल्ली पुलिस अपराध शाखा की पूछताछ में पता चला है कि शाहीन बाग में पिछले दिनों फायरिंग करने वाला शख्स कपिल गुर्जर आम आदमी पार्टी से जुड़ा है।
वही , ये भी पता चला है कि कपिल के पिता गजे सिंह भी आप पार्टी से जुड़े हैं। कपिल ने बताया है कि उसने और उसके पिता ने 2019 के शुरुआती महीने में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली थी ।
पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) राजेश देव ने कहा कि उसके मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है और पुलिस ने उसके और उसके पिता के आप में शामिल होने के व्हाट्सअप डाटा और तस्वीरें जुटायी हैं।
इससे पहले शाहीन बाग इलाके में चल रहे सीएए विरोध प्रदर्शन के पास एक फरवरी को हवा में गोली चलाने वाले कपिल गुर्जर की पुलिस हिरासत दो दिन और बढ़ा दिया गया है। इस पर यहां की एक अदालत ने मंगलवार को फैसला लिया।
पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा से ताल्लुक रखने वाले गुर्जर ने घटनास्थल को खाली करने के लिए प्रदर्शनकारियों को चेतावनी देने के बाद हवा में तीन गोलियां दागी थीं। इसके साथ ही उसने सांप्रदायिक नारे भी लगाए।
इसके बाद उसे दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया और एक अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
रिमांड अवधि पूरी होने के समय उसे साकेत कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने मुख्य महानगर दंडाधिकारी गुरमोहिना कौर से आरोपियों की चार दिन की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि आरोपी से अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार के स्रोत का पता लगाया जाना है।
दो दिनों के लिए गुर्जर की हिरासत मंजूर करने के बाद मुख्य महानगर दंडाधिकारी ने उसे जांच अधिकारी की उपस्थिति में अपने वकील से आधा घंटा मिलने की अनुमति दी।
शाहीन बाग इलाके में पिछले दो महीने से नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और प्रस्तावित राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध में प्रदर्शन चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



