नई दिल्ली : कांग्रेस ने हाल ही में चार लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी तय कर दिए थे, लेकिन उसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई। इसमें कपिल सिब्बल का चांदनी चौक सीट से टिकट तय हुआ था, लेकिन गुरुवार को अचानक कांग्रेसी खेमे से खबर मिली कि कपिल सिब्बल ने चुनाव लड़ने का इरादा त्याग दिया और मैदान छोड़ गए हैं। सिब्बल के चुनाव न लड़ने के पीछे कांग्रेस का कोई भी वरिष्ठ नेता खुल कर बात करने के लिए तैयार नहीं है। यहां तक पीसी चाको ने भी कहा कि वह सभी सीटों पर दमदार प्रत्याशी उतार रहे हैं। इस बीच खबर आई है कि गुरुवार की रात को आप और कांग्रेस के नेताओं के बीच बैठक होने वाली है।
संभावना जताई जा रही है कि यह दोनों की अंतिम बैठक होगी। यह बैठक निर्णायक होगी। दूसरी तरफ पीसी चाको ने गुरुवार शाम को प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित के साथ भी बैठक की। जिसमें प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हुई है। बताया जा रहा है कि अगर गठबंधन पर जल्द ही फैसला नहीं हुआ तो कल कांग्रेस सभी सीटों पर नामों की घोषणा कर सकती है। पीसी चाको ने भी कहा है कि कांग्रेस कल सभी सातों सीटों पर नामों की घोषणा कर सकती है। अब प्रत्याशियों के नामों की नई चर्चा शुरू हो गई है। इसमें जिन चार सीटों पर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी तय किए थे, उसमें से चांदनी चौक सीट पर नए प्रत्याशी का नाम होगा।
चर्चा है कि इस सीट पर अब शीला दीक्षित को उतारा जा सकता है, इस सीट पर जेपी अग्रवाल भी आ सकते हैं। वैसे जेपी अग्रवाल का नाम कांग्रेस ने उत्तर-पूर्वी सीट से तय किया हुआ है। चूंकि अभी तक नामों की घोषणा नहीं हुई है तो नामों का बदलाव भी संभव है। इसके अलावा अरविंदर सिंह लवली का नाम भी सामने आ रहा है। शीला दीक्षित के चांदनी चौक से टिकट दिए जाने के स्थिति में अरविंदर सिंह लवली को पूर्वी दिल्ली से उतारा जा सकता है। और जेपी अग्रवाल के चांदनी चौक सीट पर जाने पर मतीन अहमद का नाम उत्तर-पूर्वी पर आ सकता है। लेकिन अंतिम फैसला कांग्रेस आलाकमान का ही होगा।
सुशील कुमार के दिल्ली से चुनाव लड़ने पर संशय, राहुल से मिले हाल ही में दिल्ली की एक सीट से ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार के चुनाव लड़ने की खबरें चर्चा में आई थीं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस पार्टी सुशील कुमार को दक्षिणी दिल्ली सीट से मैदान में उतारना चाहती थी। लेकिन सुशील कुमार पश्चिमी दिल्ली की सीट चाहते थे। जबकि कांग्रेस के पास पश्चिमी दिल्ली से पहले ही पूर्व सांसद महाबल मिश्रा को टिकट देने की तैयारी में है।
सूत्रों का कहना है कि गुरुवार को सुशील कुमार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने उनके आवास पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनकी राहुल गांधी से चुनाव लड़ने के संबंध में बातचीत हुई है। मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में सुशील कुमार के चुनाव न लड़ने की खबर वायरल हो गई। सुशील कुमार के दक्षिणी दिल्ली से चुनाव न लड़ने की स्थिति में अब देखना होगा कि कांग्रेस दक्षिणी दिल्ली से किसे अपना उम्मीदवार बनाती है। वैसे योगानंद शास्त्री का नाम सबसे ऊपर है।