नई दिल्ली : दिल्ली के शाहीन बाग में सीएए के विरोध में लगभग डेढ़ माह से जारी प्रदर्शन को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा है। चोपड़ा ने कहा कि कंप-कंपाती ठंड के बीच पिछले एक महीने से ज्यादा समय से शाहीन बग में सीएए के विरोध में महिलाएं,वृद्ध और बच्चे धरने पर बैठे हैं।
लेकिन सीएम केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री सिसोदिया को उनसे मिलने या उनके पक्ष में एक शब्द कहने की फुर्सत नही मिली। चोपड़ा ने कहा कि ये वही केजरीवाल हैं जो 2014 में तीन पुलिस कांस्टेबलों के निलंबन की मांग को लेकर गणतंत्र दिवस से पूर्व 20-21 जनवरी को रेल भवन पर धरने पर बैठ गये थे। लेकिन यही केजरीवाल जेएनयू,जामिया और दिल्ली के अन्य क्षेत्रों में सीएए का विरोध करते हुए हिंसा का शिकार हुए नागरिकों के पक्ष में एक शब्द तक नहीं बोल रहे।
जबकि कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने स्पष्ट रूप से अपने राज्यों में सीएए के प्रावधानों को लागू नही करने की घोषणा कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप भाजपा की बी टीम है और दोनों मिलकर नूरा कुश्ती लड़ रहे हैं। भाजपा दिल्ली के चुनावों को साम्प्रदायिक रंग देकर लोगों की धार्मिक भावनाएं भड़का रही है।
चोपड़ा ने कहा कि छोटे-छोटे मुद्दों पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने वाली आप के मुखिया बताएं कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर उन्होंने विधानसभा में चर्चा क्यों नही की? चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली में इस मुद्दे पर कांग्रेस की सक्रियता से परेशान आप के मुखिया केवल घड़ियालू आंसू बहाकर जनता को भ्रमित करना चाहते हैं।