अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर जीत का परचम लहराने की कवायद में जुटे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिजली, पानी और बस में महिलाओं को मुफ्त सफर के बाद बुधवार को मुफ्त वाई-फाई सेवा प्रदान करने की घोषणा की।
केजरीवाल ने बुधवार को एलान किया कि पूरे शहर में दिल्लीवासियों को हॉटस्पॉट नेटवर्क के जरिए हर महीने 15 जीबी डेटा मुफ्त मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि फ्री वाई-फाई सुविधा की शुरुआत 16 दिसंबर से हो जाएगी। पहले चरण में राजधानी में कुल 11 हजार वाई-फाई हॉटस्पॉट लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर को 100 हॉटस्पॉट शुरू कर इसकी शुरुआत की जाएगी और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 हॉटस्पॉट स्थापित किए जायेंगे। हॉटस्पॉट किराया मॉडल पर लगाए जायेंगे और 11 हजार हॉटस्पॉट लगाने पर कुल 100 करोड़ रुपये व्यय होंगे। फ्री वाई-फाई योजना की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी के साथ पिछले विधानसभा चुनाव के समय किया गया आखिरी वादा भी हमने पूरा कर दिया।
उन्होंने कहा कि फ्री वाई-फाई के तहत 150 से 200 लोग एक साथ एक स्थान पर इस सेवा का उपयोग कर सकेंगे। कुल हॉटस्पॉट में से चार हजार बस स्टैंडों पर और शेष सात हजार बाजार और आवासीय कल्याण संघ (आरडब्ल्यूए) के माध्यम से लगवाये जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा के लिए वर्क आर्डर किया जा चुका है और इंटरनेट के फ्री हो जाने से छात्रों समेत सभी को लाभ पहुंचेगा। हॉटस्पाट किराया मॉडल पर लगाने की जानकारी देते हुए केजरीवाल ने कहा कि सरकार कंपनी को प्रति हॉटस्पॉट का माह के हिसाब से भुगतान करेगी। पहले चरण की शुरुआत 16 दिसंबर को हो जायेगी और 23 दिसंबर को 600 और इस माह के अंतर तक हॉटस्पॉट की संख्या 1100 की जाएगी। कुल हॉटस्पॉट स्थापित करने में छह माह का समय लगेगा।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि हॉटस्पॉट की रेडियस सीमा 100 मीटर तक और स्पीड 100 एमबीपीएस होगी। स्पीड कई स्थानों पर दुगनी तक भी हो सकती है। सेवा के लिए एक ऐप बनाया गया है और लोग ‘जानो अपना ग्राहक’ (केवाईसी) फॉर्म भरकर फ्री वाई-सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे। सेवा शुरू करने से पहले मोबाइल फोन में ओटीपी आयेगा और इसके बाद यह सेवा तुरंत जुड़ जायेगी। एक जोन से दूसरे जोन के हॉटस्पॉट के दायरे मे आने पर यह सेवा स्वयं जुड़ जायेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले केजरीवाल ने 200 यूनिट तक मासिक खपत वाले घरेलू उपभोक्ता को बिजली मुफ्त की थी। वही, हाल ही में नवंबर माह तक पानी के बकाया बिलों को माफ किया गया था और 29 अक्टूबर से महिलाओं के लिए बसों में सफर मुफ्त कर दिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



