दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र में शुक्रवार को काफी हंगामा हुआ और आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने भाजपा नीत नगर निगमों में 2,500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की।
सत्र शुरू होते ही आप के विधायक विधानसभा अध्यक्ष के आसन के समीप पहुंच गए और नारे लगाने लगे। सदन में पार्टी के विधायकों ने नगर निगमों में 2500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाने वाला बड़ा पोस्टर भी लहराया।
विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी क्योंकि व्यवस्था बनाए रखने और कार्यवाही जारी रखने के उनके प्रयास के बाद भी आप के विधायक बैनर दिखाते हुए नारे लगा रहे थे।
दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आरोपों पर जवाब देते हुए कहा , ये 2500 करोड़ किसका पैसा था? ये सफाई कर्मचारियों का पैसा था, अगर ये 2500 करोड़ का घोटाला न होता तो सफाई कर्मचारियों, डॉक्टरों को उनकी तनख्वाह समय पर मिल सकती थी।
सत्र खत्म होने के बाद सीएम केजरीवाल ने ये भी कहा आज विधानसभा में चर्चा हुई कि किस तरह से भाजपा शासित नगर निगम में 2500 करोड़ का घोटाला हुआ। ये दिल्ली के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है। हम मांग करते हैं कि इसकी सीबीआई जांच हो और जो भी दोषी हैं उनको सख़्त सज़ा दी जाए।