घर-घर वोट मांगने जाएंगे केजरीवाल

Summary :

केजरीवाल घर-घर जाकर लोगों से आप के लिए वोट मांगेंगे। लोकसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री रविवार को नई दिल्ली विधानसभा से इस अभियान की शुरुआत करेंगे।

नई दिल्ली : वर्ष 2013 की तरह एक बार फिर से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल घर-घर जाकर लोगों से आप के लिए वोट मांगेंगे। लोकसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री रविवार को नई दिल्ली विधानसभा से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। अभियान के दौरान उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित अन्य मंत्री, विधायक, पार्षद, आप नेता व अन्य भी क्षेत्रों में जाकर लोगों से वोट मांगेंगे। साथ ही पार्टी को चंदा देने की अपील भी करेंगे। बता दें कि 2013 में भी पार्टी ने बड़ी रैलियों की जगह घर-घर जाकर वोट मांगने को प्रथामिकता दी थी। इसका सीधा फायदा पार्टी को मिला था।

मांगेंगे जनता से चंदा… आप का मत है कि राजनीतिक दल जिसके पैसे पर चलती है, काम उसी के लिए करती है। बीजेपी और कांग्रेस कॉरपोरेट घरानों के पैसे से चलती है, इसलिए काम भी उन्हीं के करती है। आप आम लोगों के पैसे से चलती है और इसीलिए काम आम लोगों के लिए करती है। इस बात को भी अभियान के तहत जनता के बीच जाया जाएगा। इस कैंपेन के जरिये जनता को बताया जाएगा कि अपने अस्तित्व में आने के बाद से आज तक आम आदमी पार्टी जनता के सहयोग से ही चल रही है।

ईमानदार राजनीति की शुरुआत करने वाली पार्टी ईमानदारी की राह पर इसीलिए चल सकी है क्योंकि वह बड़े-बड़े कॉरपोरेट घरानों से सहयोग न लेकर आम आदमी के दम पर चलती है। जबकि बड़े-बड़े कॉरपोरेट के दम पर चलने वाली पार्टियां सत्ता में आने के बाद उनका अनेक तरह से फायदा पहुंचाती हैं जिसका बोझ आखिरकार आम लोगों को ही झेलना पड़ता है। केवल सत्ता में ही नहीं, बाकी राजनीतिक दल विपक्ष में रहकर भी कॉरपोरेट एजेंडा ही आगे बढ़ाते हैं।

प्रदूषण रोकने में नाकाम हुई केजरीवाल सरकार, NGT ने लगाया 50 करोड़ का जुर्माना

ऐसे करेंगे अपील… भाजपा के सातों सांसदों की पोल खोलते हुए लोगों को ये समझाया जाएगा कि आप के जीतने के बाद दिल्लीवालों को फायदा होगा। साथ ही बताएंगे कि दिल्ली सरकार के काम में तेजी आएगी। लोगों को बताया जाएगा कि आप सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली सहित अन्य क्षेत्र में बेहतर काम किया है। जबकि भाजपा सांसदों ने केवल अड़चन लगाई। इस दौरान बताया जाएगा कि दिल्ली में हुई सीलिंग, मेट्रो किराये में वृद्धि सहित अन्य को करवाने में भाजपा सांसदों का हाथ है।

रखे जाएंगे सरकार के काम… आप कार्यकर्ता दिल्लीवासियों के बीच सरकार के काम को रखेंगे। सरकार ने दिल्ली के विकास के लिए साढ़े तीन साल में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये खर्च किये। कार्यकर्ता बताएंगे कि सरकार ने ईमानदारी से काम किया तभी सरकारी स्कूल ठीक हो पाए, बिजली सस्ती हो पाई, प्राइवेट स्कूल पहले की तरह मनमानी करते रहते, मोहल्ला क्लीनिक बने।

चुनाव को लेकर बैठक… लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में लगातार बैठकें हो रही है। दिल्ली संयोजक गोपाल राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में आने वाले दिनों के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। कार्यकर्ता घर-घर जाने के साथ जल्द ही मुख्यमंत्री का पत्र और सरकार के वादों को दिल्लीवासियों तक पहुंचाएंगे।

Desk Team