मॉनसून आने से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को मुख्य सचिव से कहा कि महानगर में जल जमाव वाले क्षेत्रों की सूची सौंपें जिनकी पहचान विभिन्न विभागों ने की है।
उन्होंने एक हफ्ते के अंदर इसे रोकने के लिए कार्रवाई रिपोर्ट भी पेश करने के लिए कहा है। केजरीवाल ने वर्तमान वर्ष के लिए बाढ़ नियंत्रण आदेश रिपोर्ट की शुरुआत के मौके पर दिल्ली के मुख्य सचिव विजय देव को यह निर्देश दिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उनकी कैबिनेट के सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जल जमाव वाले क्षेत्रों के बारे में जानकारी है और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि उन क्षेत्रों में समस्या नहीं हो।’’
उन्होंने कहा‘, ‘अगर ढांचागत खराबी जैसे कारणों से जल जमाव को नहीं रोका जा सकता है तो इसे स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड किया जाना चाहिए।’’
मुख्यमंत्री ने देव को निर्देश दिया कि वह सभी संबंधित विभागों को निर्देश दें कि दिल्ली में जल जमाव के जिन क्षेत्रों की पहचान की गई है उनकी सूची अगले सात दिनों में सौंपें।