नई दिल्ली : भलस्वा में जमा कूड़े के पहाड़ को पूरी तरह से खत्म करने के लिए भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सोमवार को कूड़े का जैविक निस्तारण करने वाली 15 मशीनों का नारियल फोड़कर लोकार्पण किया। इस मौके पर दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, सांसद हंसराज हंस, महापौर अवतार सिंह, उत्तरी दिल्ली नगर निगम स्थायी समिती के अध्यक्ष जय प्रकश, उपमहापौर योगश वर्मा, जिला अध्यक्ष नीलदमन खत्री, पूर्व महापौर प्रीति अग्रवाल समेत जिला एवं मंडल पदाधिकारी मौजूद रहे।
मनोज तिवारी ने कहा कि यह कार्य इतिहास में दर्ज होने वाला है। कूड़े का पहाड़ दिल्ली के लिए शर्म का विषय है। दिल्ली के मुख्यमंत्री को इसकी कोई चिंता नहीं है। दिल्ली के मुख्यमंत्री व पूर्व में कांग्रेस के मुख्यमंत्री की वजह से आज कूड़े का पहाड़ भलस्वा में खड़ा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री विपक्ष के साथ या फिर निगम के साथ बैठकर कभी कोई बात नहीं करते है।
केजरीवाल चाहते हैं प्रदूषण से लोग मरें और हम राजनीति करें इसे कहते हैं मौत की राजनीति, दिल्ली के मुख्यमंत्री आज मौत की राजनीति कर रहे हंै और 15 साल पहले से कांग्रेस मौत की राजनीति करती आई है। जोलोग इसे दिल्ली के लिए शर्म का कूड़ा कहते है हमें आशा थी वो लोग आयेगें लेकिनइसलिए नहीं आये क्योंकि उन्हें कूड़े से समस्या नहीं वो मौत की राजनीति करते है बंदकमरों में बैठकर। जानकारी के मुताबिक प्रतिदिन 25 हजार मीट्रिक टन कूड़ा भलस्वा आता है।
तिवारी के देर से आने पर भड़के हंसराज
चुनाव से पहले दिल्ली भाजपा को एक रखने का प्रयास महज सपना ही दिख रहा है, हालत यह है कि सार्वजनिक सभाओं प्रदेश अध्यक्ष और सांसद के बीच विवाद खुलकर सामने आ रहे हैं। ऐसा ही मामला सोमवार को भलस्वा में देखने को मिला। यहां लैंडफिल साइट को साफ करने के लिए 12 बैलिस्टिक सेपरेटर मशीनों का उद्घाटन करना था। कार्यक्रम सुबह 8 बजे ही शुरू हो गया और सफाई कर्मचारी भी सुबह पहुंच गए।
स्थानीय सांसद हंसराज हंस सुबह 9 बजे ही मौके पर पहुंच गए लेकिन कार्यक्रम में प्रमुख दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी साढ़े 11 बजे के बाद कार्यक्रम में पहुंचे। उनके देरी से आने पर गुस्साए सांसद ने मंच से ही बिना उनके नाम लिए देरी आने पर निशाना साधना शुरू कर दिया। स्थानीय सांसद हंसराज हंस ने मंच से कहा कि भलस्वा से गंदगी हटाने से पहले हमें अपने अंदर छिपी गंदगी को हटना होगा। हमारे अंदर जो अहंकार भरा हुआ है उसे मिटाना होगा।