सीवर के बहाने केजरीवाल का भाजपा व कांग्रेस पर हमला

Summary :

केजरीवाल ने रविवार को पालम विधानसभा के अन्तर्गत आने वाली मधु विहार एवं उसके आसपास वाली कॉलोनियों में सीवर लाइन के निर्माण कार्य की शुरुआत की।

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पालम विधानसभा के अन्तर्गत आने वाली मधु विहार एवं उसके आसपास वाली कॉलोनियों में सीवर लाइन के निर्माण कार्य की शुरुआत की। इसके तहत पालम विधानसभा के मधु विहार, राजापुरी, उत्तम नगर, भारत विहार और राजापुरी विश्व पार्क एक्सटेंशन में 51 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन डाली जाएगी। 36.60 करोड़ की लागत से शुरू हुआ यह काम अगले 30 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।

इस लाइन से यहां के 60 हजार लोगों को फायदा होगा। निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में लंबे समय तक कांग्रेस और भाजपा ने शासन किया लेकिन यहां के हालात नहीं बदले, न सीवर बने न सड़कें बनी। हमने केवल साढ़े तीन सालों में इतना काम कर दिखाया तो वे क्यों नहीं कर सके? सीएम ने कहा कि पहली सरकारों ने घाटे का हवाला दिया लेकिन हमने उसी फंड में काम कर दिखाया। इस दौरान केजरीवाल ने अपने विधायकों और दिल्ली के सांसदों के कामों की भी तुलना की। उन्होंने लोगों से पूछा कि हमारे साढ़े तीन साल का काम ज्यादा है या केन्द्र की मोदी सरकार के सांसदों का साढ़े चार साल का काम ज्यादा है।

गुजरात, जीडी व राघव मामले पर हमलावर हुए केजरीवाल

साथ ही उन्होंने लोगों से भाजपा को वोट न देने की बात भी कही, सीएम ने कहा कि वे केवल दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर आप के सांसदों को जिताएं। इस अवसर पर केजरीवाल ने मोहल्ला क्लीनिक, डोर-स्टेप-डिलीवरी, सरकारी स्कूल की काया पलट और बिजली के घटे दामों का भी जिक्र किया। कार्यक्रम के दौरान जलबोर्ड उपाध्यक्ष निदेश मोहनिया, जलबोर्ड सीईओ, विधायक भावना गौड,जलबोर्ड के अधिकारी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

Desk Team