नई दिल्ली : गुरु नानक देव के 550वां प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के जनपथ रोड स्थित निवास पर एक कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पाठ से की गई, जिसके बाद शब्द कीर्तन भाई बलजीत सिंह नामधारी, वीर तेजपाल सिंह व साथी द्वारा किया गया।
इस दौरान दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, राजेश भाटिया, रविंद्र गुप्ता, राष्ट्रीय मंत्री आरपी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर विधायक व डीएसजीएमसी के प्रधान मनजिंदर सिंह सिरसा सहित कई गणमान्यों के साथ काफी संख्या में सिख संगत शामिल हुए।
बाद में सभी ने गुरु का लंगर चखा। कीर्तन दरबार भाजपा सिख प्रकोष्ठ की देखरेख में आयोजित हुआ। इस दौरान सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि गुरु नानक के प्रकाश पर्व को दुनिया भर में सभी संगत धूमधाम से प्रकाश उत्सव मना रहे हैं। इस मौके पर करतारपुर कॉरिडोर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से खुल गया है। हजारों संगत वहां जाकर गुरु घर का दर्शन कर रहे हैं। मेरा सौभाग्य है कि मेरे यहां भी कीर्तन दरबार किया जा रहा है।
दिल्ली की संगत ने यहां आकर आशीर्वाद लिया, मैं सभी का शुक्रिया अदा करता हूं। साथ ही अपील करता हूं कि गुरु नानक जी की जो सीख हैं उसे अपने जीवन में अपनाते रहें और सुख-शांति का संदेश दुनिया में फैलाते रहें। वहीं सिरसा ने सांसद को बधाई देते हुए कहा कि गुरु नानक के प्रकाश पर्व पर उन्होंने अपने घर पर बहुत ही सुंदर दीवान सजाया।
उन्होंने खुद भी दस्तार सजाकर गुरु नानक जी के प्रकाश पर्व पर संगतों को कीर्तन के साथ जोड़ा। सिख प्रकोष्ठ के सह संयोजक जसप्रीत सिंह माटा ने बताया कि प्रकोष्ठ ने कार्यक्रम की देखरेख के साथ जोड़ा घर सजाया।