देश भर में फैले कोरोना महामारी का प्रकोप थमने का नाम ही नहीं ले रहा है कोरोना वायरस के संक्रमण का मामला दिन पर दिन बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। अगर सिर्फ देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो दिल्ली सरकार के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दिल्ली में शुक्रवार को कोविड-19 से संक्रमण के 138 नये मामले सामने आए हैं जिसके बाद दिल्ली में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 2,514 हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को तीन लोगों की कोरोना वायरस से मौत होने के बाद मृतकों की तादाद 53 हो गई है। इनमें से 29 मृतकों की आयु 60 साल या उससे अधिक थी। 14 मृतकों की उम्र 50 से 59 साल जबकि 10 की आयु 50 वर्ष से कम थी। इस बीच, पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव का मनसारा अपार्टमेंट दिल्ली का पहला क्षेत्र बन गया है, जिसे अब खोल दिया गया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि बीते कुछ हफ्तों में यहां संक्रमण का कोई मामला नहीं आया है, जिसके मद्देनजर यह फैसला लिया गया। वहीं दिल्ली पुलिस ने ड्यूटी पर रहते हुए कोविड-19 से संक्रमित हुए अपने हर पुलिसकर्मी को एक-एक लाख रुपये देने का फैसला किया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि 21 पुलिसकर्मी नोवेल कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें मध्य जिले के 14, उत्तर-पश्चिमी जिले के छह और ट्रैफिक पुलिस का एक कर्मी शामिल है। एक पत्र के अनुसार पुलिस मुख्यालय दिल्ली पुलिस कल्याण सोसाइटी से भुगतान का प्रबंध करेगा।