नई दिल्ली : भाजपा नवीन शाहदरा जिले की ओर से शनिवार को गांधी संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा विश्वकर्मा गेट, राम नगर, मंडौली रोड से शुरू होकर जीटी रोड, शाहदरा चौक पर संपन्न हुई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कैलाश जैन और भाजपा नेता जय भगवान गोयल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने भारतीय मूल्यों को पूरे विश्व में पहुंचाने का काम किया। महात्मा गांधी के जन्म के 150 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जन-जन का अभियान बनाया। उन्होंने बापू के मूल्यों को पुनः स्थापित करने का काम किया। उनके विचार और सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं।
तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने केवल देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में भारतीय मूल्यों को नई पहचान दी। सत्याग्रह के माध्यम से अंग्रेजों को उस साधारण से आदमी ने झुकने के लिए मजबूर कर दिया और लोकतांत्रिक मूल्यों की जड़ें पाताल जितनी नीचे तक पहुंचा दीं। उन्होंने कहा कि 152वीं जयंती तक उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। प्रधानमंत्री देश में सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति दिलाने का संकल्प लेकर निकले हैं।
इसलिए इस मुहिम को जनांदोलन बनाने की जिम्मेदारी देश की जनता और भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं पर है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक को नष्ट होने में लगभग 400 वर्ष लगते हैं। यह हमारे स्वास्थ्य और वातावरण के लिए भी हानिकारक है। इसका वन्य जीवों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।