नई दिल्ली : भाजपा के 38वें स्थापना दिवस के अवसर पर दिल्ली के अलग-अलग संसदीय क्षेत्रों से प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नमो ऐप के जरिए संवाद स्थापित करते उन्हें जीत का मंत्र दिया। इस मौके पर कई वर्करों ने सवाल भी किए आैर पीएम ने उनका जवाब भी दिया। वर्कर जोश में थे। इस श्रृंखला में प्रधानमंत्री ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी के उत्तर पूर्व दिल्ली एवं नई दिल्ली से सांसद मीनाक्षी लेखी के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। दोनों संसदीय क्षेत्रों के सभी 20 विधानसभा क्षेत्रों में नमो एप बूथ स्थापित किए गए, जहां से प्रमुख कार्यकर्ता संवाद में जुड़े जिसका समन्वय प्रदेश मीडिया सहप्रभारी नीलकांत बक्शी ने किया।
मनोज तिवारी तिमारपुर विधानसभा के मुखर्जी नगर में स्थापित बूथ पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद में सम्मिलित हुए। इस संसदीय क्षेत्र की कार्यकर्ता श्रीमती ममता कुमारी के प्रश्न को प्रधानमंत्री ने संवाद के लिए चुना। नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र की सांसद मीनाक्षी लेखी कार्यकर्ताओं के साथ लक्ष्मीबाई नगर में स्थापित नमो संवाद केन्द्र में उपस्थित रहीं। इस संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ता रवि तंवर के प्रश्न को प्रधानमंत्री ने संवाद के लिए चुना। उत्तर पूर्वी दिल्ली की महिला मोर्चा की जिला मंत्री ममता कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नमो संवाद में पूछा कि आज हम जीत पर जीत हासिल कर रहे हैं, जनता का दिल जीत रहे तब भी विपक्ष झूठ पर झूठ फैला रहा है। हम कार्यकर्ताओं को तो बहुत दुःख भी होता है और गुस्सा भी आता है। ऐसे में आप कैसे शांत और संयमित रहते हैं ?
जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कठिन परीक्षा की घड़ी में धैर्य रखना और गुस्से पर काबू रखने वाला व्यक्ति उदार होता है। हमें विपक्ष के प्रहार से विचलित नहीं होना है, यही हमारी सफलता का मूल मंत्र है। नई दिल्ली के रवि तंवर ने पूछा कि सरकार की योजनाओं की प्रारम्भिक सूचना तो मिलती है पर बाद में विस्तृत जानकारियां नहीं मिल पाती। मोदी ने कहा कि ज्येष्ठ कार्यकर्ता होने के नाते आप सभी जो आज इस संवाद से जुड़ रहे हैं वो खुद भी और अन्य कार्यकर्ताओं को भी उत्सुकता के साथ सरकारी योजनाओं को समझने और उनको लोगों के बीच ने सिर्फ प्रचारित, प्रसारित करें और यह भी सुनिश्चित करें कि लोगों को उनका लाभ मिले। मनोज तिवारी ने कहा कि यह मेरे लिये गौरव का विषय है कि देश के सभी सांसदों में से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरे संसदीय क्षेत्र को नमो संवाद के लिये सोशल मीडिया में मेरे 3 लाख से अधिक समर्थकों के बीच प्रसिद्धि के आधार पर चुना है। जनता एवं कार्यकर्ताओं से मिल रहा यह समर्थन मुझे दिन-रात जनता की समस्याओं के समाधान करने का प्रोत्साहन देता है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।