नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी में गुरुवार को कांग्रेस, भाजपा और बसपा को छोड़कर दिल्ली के कई नेता शामिल हो गए। आप के दिल्ली चुनाव प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। पार्टी में प्रमुख रूप से बसपा के दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष टीकाराम गौतम, बसपा के लक्ष्मीनगर जिलाध्यक्ष भोलेशंकर, दिल्ली के पूर्व लोकसभा कॉर्डिनेटर नत्थू सिंह समेत कांग्रेस और भाजपा के कई कार्यकर्ताओं के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।
इस दौरान आप नेता दुर्गेश पाठक व उत्तम नगर से आप विधायक नरेश बाल्यान भी मौजूद रहे। पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं ने कहा कि वह अरविंद केजरीवाल के एेतिहासिक काम व आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर आए हैं। संजय सिंह ने सभी प्रतिष्ठित लोगों को आम आदमी पार्टी का पटका और टोपी पहनाकर सभी का स्वागत करते हुए कहा कि इन सभी लोगों का हम आम आदमी पार्टी में दिल से स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज दिल्ली में केजरीवाल सरकार जो विकास के कार्य कर रही है उससे प्रभावित होकर सभी दलों के लोग भारी मात्रा में आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं। संजय सिंह ने कहा कि इन सभी लोगों के जुड़ने से पार्टी को दिल्ली में मजबूती मिलेगी, पार्टी संगठन और मजबूत होगा। आप विधायक नरेश बाल्यान ने कहा कि आज दिल्ली के कोने-कोने में भिन्न-भिन्न राजनीतिक दलों के लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
आज उत्तम नगर विधानसभा से भी कांग्रेस के प्रतिष्ठित लोग यहां आम आदमी पार्टी में शामिल होने आए हैं, मैं सभी का दिल से स्वागत करता हूं। कांग्रेस नेता देवेश कौशिक ने कहा कि मैं पिछले 20 साल से दिल्ली की राजनीति में सक्रिय हूं। अपने राजनीतिक जीवन काल में मैंने आज तक कभी किसी भी राज्य की पार्टी को इतने बड़े स्तर पर विकास कार्य करते हुए नहीं देखा, जितना पिछले 5 साल में अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली में किए हैं।