नई दिल्ली : नई दिल्ली स्थित 10-राजाजी मार्ग और विज्ञान भवन में सोमवार को चैंपियंस ऑफ चेंज अवाॅर्ड के दूसरे संस्करण का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रपति डा. प्रणब मुखर्जी ने अपने आवास 10 राजा जी मार्ग में झारखण्ड के मुख्य मंत्री हेमंत सोरेन को (सोशल वेलफेयर) और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया।
शाम को यह कार्यक्रम विज्ञान भवन में हुआ जहां केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और डॉ हर्षवर्धन सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति में अनुराग ठाकुर (केन्द्रीय राज्यमंत्री, वित्त और कॉर्पोरेट मामले) को समाज कल्याण, फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा को (स्वच्छ भारत अभियान), आचार्य बालकृष्ण को (आयुर्वेद), अभिनेता सुरेश ओबेराय को (संस्कृति) के लिए इस अवाॅर्ड से सम्मानित किया गया।
इस अवसर सिसोदिया ने कहा कि यह मेरे लिए बड़े गौरव की बात है कि इतनी प्रतिष्ठित जूरी ने मुझे इस अवॉर्ड के लिए चुना है। मैं दिल्ली के लोगों का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा करते हुए अपनी सेवा करने का मौका दिया। वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह अवाॅर्ड राज्य की जनता को समर्पित है। आप सभी के सहयोग के लिए आपका आभारी हूं।


Download Android App
Download iOS App



