दिल्ली में इस सप्ताह न्यूनतम तापमान में आ सकती है गिरावट, वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज

Summary :

दिल्ली में दिवाली के बाद से बाद से शुरू हुआ जहरीली हवा में सांस लेने का सिलसिला अभी थमता हुआ नहीं दिख रहा है। राजधानी में गुरुवार को वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गयी।

दिल्ली में दिवाली के बाद से बाद से शुरू हुआ जहरीली हवा में सांस लेने का सिलसिला अभी थमता हुआ नहीं दिख रहा है। राजधानी में गुरुवार को वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गयी। आज दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 360 है। ये जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दी। 
इस सप्ताह पारा 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है
मौसम विभाग ने कहा है कि इस सप्ताह पारा 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही हवा की गुणवत्ता भी खराब रही। सुबह बहुत खराब श्रेणी के तहत 360 के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के साथ धुंध छाई रही। दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
 पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान में 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच उतार-चढ़ाव रहेगा
आईएमडी के आंकड़ों से पता चला है कि इस पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान में 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच उतार-चढ़ाव रहेगा। सुबह 8.30 बजे सापेक्षिक आद्र्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर) ने सुबह 9 बजे पीएम 2.5 और पीएम 10 प्रदूषकों का स्तर क्रमश: 69 और 125 दर्ज किया।
इस बीच, दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान ने संकेत दिया है कि 10 से 12 नवंबर तक बहुत खराब श्रेणी में रहने के बाद राष्ट्रीय राजधानी की एक्यूआई में धीरे-धीरे सुधार हो सकता है। गुरुवार सुबह शहर के कुछ निगरानी स्टेशनों पर एक्यूआई गंभीर श्रेणी (401 और 500 के बीच) में रहा, जबकि अन्य ने बहुत खराब (301 और 400 के बीच) का एक्यूआई दर्ज किया। इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आनंद विहार में एक्यूआई 453, आईटीओ 410, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम 405, आरके पुरम 395, वजीरपुर 440 दर्ज किया गया।

Desk Team