नई दिल्ली : मोदी सरकार की गलत नीतियों व नोटबंदी जैसे गलत फैंसलों के कारण हुई आर्थिक मंदी व बढ़ती हुई बेरोजगारी व बेकारी के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल अभियान शनिवार को भी जारी रहा। अभियान के दूसरे चरण में चंदनी चौक के आर्दश नगर जिला व पूर्वी दिल्ली के कृष्णानगर जिले में आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हरी किशन जिंदल व गुरचरण सिंह राजू ने किया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ता केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे थे।
इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर घरेलू बचत 20 साल में सबसे कम हुई है। वहीं दूसरी ओर देश में बचत की सम्पूर्ण दर 34.6 प्रतिशत से गिरकर 30 प्रतिशत रह गई है। चोपड़ा ने कहा कि औद्योगिक विकास की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। औद्योगिक वृद्धि की दर अगस्त 2019 में सिकुड़ कर सिर्फ 1.1 प्रतिशत रह गई है जो पिछले 7 वर्षों मे सबसे कम है।
उन्होंने यह भी कहा कि मैनुफेक्चरिंग वृद्धि की दर में नकारात्मक रुप से आई गिरावट मोदी सरकार की गलत नीतियों का जीता जागता उदाहरण है। निर्यात औंधे मुह गिरा है। 2019 में देश के निर्यात की दर में 6.6 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं निर्यात में 66.4 प्रतिशत का योगदान देने वाली 29 मुख्य आवश्यक चीजों में 21 में भारी गिरावट प्रतिवर्ष हो रही है। जिससे यह स्पष्ट होता है कि मोदी सरकार की निर्यात नीति पूरी तरह विफल हुई है।
पूर्व सांसद अरविंदर सिंह लवली ने पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर जिला में भारी संख्या में मौजूद लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राजधानी दिल्ली में बेरोजगारी की भयावह स्थिति के कारण गरीब लोगों ने पलायन शुरु कर दिया है। चांदनी चौक के इस धरने में मंगतराम सिंघल, हरी शंगर गुप्ता, अनिल भारद्वाज, चमनलाल शर्मा, मुकेश गोयल, इंदर गुलाठी, सतीश लूथरा आदि नेता मौजूद थे।