दिल्ली नगर निगम के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज कर ली है। आप ने चार और कांग्रेस ने एक वार्ड में जीत हासिल की। 28 फरवरी को उपचुनाव हुए थे।
पहले, इन पांच वार्ड में से एक भाजपा के पास था। हालांकि इस बार भाजपा का खाता भी नहीं खुला। नगर निगम के पांच वार्ड के लिए 28 फरवरी को उपचुनाव हुए थे। इनमें 50 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था। चौहान बांगर वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने आप के उम्मीदवार मोहम्मद इरशाद खान को 10,642 मतों से हराया।
कल्याणपुरी, रोहिणी-सी, त्रिलोकपुरी और शालीमार बाग नॉर्थ से आप उम्मीदवार जीते हैं। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करके जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि लोग भाजपा से परेशान हो चुके हैं और अगले साल दिल्ली एमसीडी के चुनाव में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सच्चाई की राजनीति और काम को मौका देंगे।
दिल्ली के तीनों नगर निगमों पर 2017 में भाजपा पुन: काबिज हुई थी और आप दूसरे स्थान पर रही थी। कल्याणपुरी वार्ड से आप उम्मीदवार धीरेंद्र कुमार ने 7,043 मतों से जीत दर्ज की। त्रिलोकपुरी से आप उम्मीदवार विजय कुमार ने भाजपा के ओम प्रकाश को 4,986 मतों से हराया। शालीमार बाग नॉर्थ वार्ड से आप की सुनीता मिश्रा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सुरभि जाजू को 2,705 मतों से हराया, यह सीट पहले भाजपा के पास थी। रोहिणी सी से आप के राम चंदर ने भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी राकेश गोयल को 2,985 मतों से हराया।
उप-चुनाव में आप के शानदार प्रदर्शन के बाद दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने हम पर अपना विश्वास जताया है। वे बीजेपी से तंग आ चुके हैं और यह चुनाव उसी का संकेत है। 2022 में दिल्ली नगर निगम के चुनावों में, भाजपा का सफाया होगा।
गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम में बीजेपी का लंबे समय से कब्जा है 2022 में एमसीडी का चुनाव होने जा रहा है। ऐसे में पांच सीटों पर दिल्ली नगर निगम के उप-चुनावों को बेहद अहम माना जा रहा था।